नैनीझील में मिला ऑल सेंट्स कॉलेज के सफाईकर्मी का शव… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

84
Oplus_16908288

नैनीताल। शहर की नैनीझील में शनिवार सुबह नयना देवी मंदिर के समीप एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना एनसीसी बोट स्टैंड के समीप की है, जहां ड्यूटी पर मौजूद एनसीसी कर्मी की नजर झील में उतराते हुए एक शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से लगभग चार हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस ने मृतक की पहचान महेंद्र चौहान (52) निवासी नैनीताल एवं ऑल सेंट्स कॉलेज में कार्यरत सफाईकर्मी के रूप में की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महेंद्र चौहान शुक्रवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद घर से बाहर चले गए थे। परिजनों ने उन्हें रातभर तलाशने का प्रयास किया और सुबह करीब चार बजे तक उनकी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह उनका शव नैनीझील में मिलने की सूचना मिली।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुनील परिहार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।