नैनीताल। जिले में 2 एवं 3 जुलाई को मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी नैनीताल ने बताया कि संभावित भारी बारिश और उससे उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी संबंधित विभागों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
उन्होंने जिले में आने वाले पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और विशेष रूप से भूस्खलन संभावित मार्गों पर सावधानी के साथ आवागमन करें।
अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की भी अपील की है।







