मॉल रोड बनेगी ‘नो हॉर्न ज़ोन’, 1 अगस्त से नियम लागू करने की तैयारी… कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों व टैक्सी यूनियनों के साथ की बैठक, नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

28
Oplus_16908288

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और मॉल रोड पर बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने अधिकारियों और टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नैनीताल की प्रसिद्ध मॉल रोड को ‘नो हॉर्न ज़ोन’ के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शांत एवं बेहतर वातावरण मिल सके।

बैठक में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक , परिवहन विभाग के अधिकारियों तथा टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और मॉल रोड पर अनावश्यक हॉर्न बजाने की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई।

कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं और मॉल रोड पर पैदल भ्रमण पर्यटन का प्रमुख आकर्षण है। ऐसे में वाहनों के लगातार और तेज हॉर्न बजाने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को असुविधा होती है।उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से मॉल रोड पर हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।

कमिश्नर ने मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों तथा वाहन चालकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही नैनीताल को शांत, स्वच्छ और बेहतर पर्यटन स्थल बनाया जा सकता है।