नैनीताल। नैनीताल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैना पीक ट्रैक पर गुरुवार को एक पर्यटक हादसे का शिकार हो गया। राजस्थान के नागौर निवासी 20 वर्षीय प्रदीप पुत्र रामकिशोर ट्रैकिंग के दौरान पैर फिसलने से पहाड़ी से नीचे गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट लग गई।
जानकारी के अनुसार प्रदीप अपने तीन अन्य साथियों के साथ नैना पीक की सैर पर गया था। ट्रैकिंग के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पहाड़ी से नीचे जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही मल्लीताल थाना पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक का सुरक्षित रेस्क्यू किया और आल्टो वाहन के माध्यम से उसे उपचार के लिए बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा घायल का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी (नैना/नगरपालिका) ललित मोहन कार्की ने किया। अभियान में वन दरोगा कुमार सौरभ, संतोष जोशी, वन आरक्षी राजेंद्र वर्मा तथा नैना टिकट काउंटर के कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि ट्रैकिंग के दौरान सावधानी बरतें, निर्धारित मार्ग पर ही चलें तथा बारिश के मौसम में फिसलन वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।







