एलबीएस महाविद्यालय में देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से गूंजा स्वतंत्रता दिवस समारोह… रिपोर्ट- (नंदिनी ) “स्टार खबर ” हल्द्वानी..

6

हल्द्वानी। हल्दूचौड़ लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत, रंगोली, पोस्टर, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समारोह का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. कमला पंत ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। साथ ही निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तराखंड शासन की ओर से प्रेषित संदेश को महाविद्यालय परिवार तक पहुंचाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्राचार्य डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियां रहीं। कन्हैया भट्ट, खजान चंद आर्य, योगेश कुमार, सावन मेहता और छात्रा तनुजा पपनै ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। तनुजा पपनै द्वारा प्रस्तुत “हो जन्म दुबारा तो, भारत वतन मिले” तथा “फिर से वही हिमालय, गंगो और चमन मिले” जैसे गीतों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महाविद्यालय में पिछले एक सप्ताह से आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान रंगोली, पोस्टर, निबंध, प्रश्नोत्तरी, स्वतंत्रता सेनानियों के उद्धरण एवं राष्ट्रीय गीत से संबंधित प्रतियोगिताओं के साथ रैली का भी आयोजन किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ग्रुप ‘सी’ की मनीका, अनिशा एवं प्रियंका चंद ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान ग्रुप ‘ए’ की तनुजा राठौर, रेनू एवं कविता तथा तृतीय स्थान ग्रुप ‘ई’ की अंजली, कोमल जोशी एवं मानसी मेहरा ने हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार अंशिका नेगी, हिमानी, कसक शर्मा, शिवानी, सरोज यादव एवं सरिता जोशी को दिया गया।
पोस्टर प्रतियोगिता में किरन ने प्रथम, आरती भंडारी ने द्वितीय और तनुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हेमा आर्या को सांत्वना पुरस्कार मिला।
निबंध प्रतियोगिता में पूजा अटवाल प्रथम, रितिका चौरसिया द्वितीय और सरोज जाटव तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आरती भंडारी, मानसी मेहरा एवं कन्हैया भट्ट ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पूजा अटवाल तथा तृतीय स्थान सुप्रिया अटवाल एवं हेमलता कलौनी ने हासिल किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के उद्धरण एवं राष्ट्रीय गीत प्रतियोगिता में सावन मेहता ने प्रथम, तनुजा पपनै ने द्वितीय और पूजा अटवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता विद्यार्थियों को प्रभारी प्राचार्य डॉ. कमला पंत, ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की नोडल अधिकारी डॉ. भावना मेहरा, सदस्य डॉ. प्रकाश लखेड़, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. कविता बिष्ट, डॉ. बीना मथेला, डॉ. हेम चंद्र पांडे, डॉ. रीता दुर्गापाल, डॉ. भूपेंद्र अलख, डॉ. प्रदीप मंडल, डॉ. उमा पांडे, डॉ. अजीत सैनी, डॉ. पूनम साह, डॉ. कल्पना साह, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, डॉ. प्रदीप, डॉ. मनोज पंत सहित अन्य प्राध्यापकों ने सम्मानित किया।