बेल्जियम में चमका एरीज का सितारा, डॉ. संतोष जोशी को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान… सम्मान पाने वाले पहले भारतीय वैज्ञानिक बने… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

11

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संतोष जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान और देश का मान बढ़ाया है। उन्हें रॉयल ऑब्जर्वेटरी ऑफ बेल्जियम (ROB) की ओर से प्रतिष्ठित ‘द कॉरेस्पॉन्डिंग एस्ट्रोनॉमर’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को प्राप्त करने वाले डॉ. जोशी पहले भारतीय वैज्ञानिक हैं।

रॉयल ऑब्जर्वेटरी ऑफ बेल्जियम की स्थापना के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 20 नवंबर को बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। संस्थान के महानिदेशक प्रो. रोनाल्ड ए. एम. वान डर लिंडेन ने डॉ. जोशी को सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न देशों के कुल आठ वैज्ञानिकों को इस मानद सम्मान से नवाजा गया।

डॉ. संतोष जोशी भारत-बेल्जियम खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी नेटवर्क (बीना) के सह-संस्थापक हैं। इस नेटवर्क की स्थापना का उद्देश्य भारत और बेल्जियम के बीच खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के क्षेत्र में शोध सहयोग को बढ़ावा देना तथा दोनों देशों में उपलब्ध खगोलीय प्रेक्षण सुविधाओं का बेहतर उपयोग करना है। वर्ष 2016 में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) और बेल्जियम सरकार के बेल्जियन साइंस पॉलिसी ऑफिस (बेल्स्पो) ने इस परियोजना को स्वीकृति दी थी।

डॉ. जोशी का प्रमुख शोध क्षेत्र तारकीय भूकंप विज्ञान (एस्टरोसिस्मोलॉजी) है। इसके तहत तारों में होने वाले प्राकृतिक दोलनों का अध्ययन कर उनके आंतरिक स्वरूप, द्रव्यमान, त्रिज्या और घूर्णन गति जैसी महत्वपूर्ण विशेषताओं का पता लगाया जाता है। डॉ. जोशी और उनकी टीम ने 1990 के दशक के अंतिम वर्षों में एरीज की 1.04 मीटर सम्पूर्णानंद दूरबीन की मदद से आठ विशिष्ट तारों में तारकीय दोलनों की खोज की थी।इसके अलावा उनकी टीम ने नैनीताल-केप सर्वेक्षण के तहत एचडी-13038 नामक तारे का अध्ययन किया है। इस दीर्घकालिक शोध परियोजना में एरीज और दक्षिण अफ्रीकी खगोलीय वेधशाला (एसएएओ) की प्रेक्षण सुविधाओं का उपयोग किया जा रहा है। डॉ. जोशी इस सर्वेक्षण के प्रमुख अन्वेषक भी हैं।तारकीय दोलनों के अध्ययन में उनके उल्लेखनीय योगदान और रॉयल ऑब्जर्वेटरी ऑफ बेल्जियम के साथ लंबे समय से जारी वैज्ञानिक सहयोग ने बीना नेटवर्क की स्थापना में अहम भूमिका निभाई है। एरीज परिवार ने डॉ. संतोष जोशी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी है।