नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष, प्रख्यात वैज्ञानिक एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में मानद कर्नल तथा कर्नल कमांडेंट की रैंक प्रदान की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में रैंक सेरेमनी आयोजित की गई।
समारोह में एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड की एडीजी मेजर जनरल श्समीर भल्ला और एनसीसी ग्रुप मुख्यालय नैनीताल के ग्रुप कमांडर कमांडर रिची रंजन सहित एनसीसी अधिकारियों ने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को नई जिम्मेदारी से सम्मानित किया। कार्यक्रम में कर्नल जितेंद्र शर्मा और वैज्ञानिक डॉ. श्वेतापद्मा दास समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मानद कर्नल की रैंक मिलने पर प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने इसे अपने लिए गौरव और जिम्मेदारी का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सैन्य परंपराओं और अनुशासन का पालन करते हुए एनसीसी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही विश्वविद्यालय में शोध, शिक्षा और अकादमिक उन्नयन को और मजबूत करने के लिए कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों में कुलसचिव एवं 77 एनसीसी बटालियन के एएनओ कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रैंक सेरेमनी का संचालन लेफ्टिनेंट कर्नल जेसी पंत ने किया। विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आयोजन में सहयोग किया।
समारोह में विश्वविद्यालय के शोध निदेशक एवं पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट, परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, संकायाध्यक्ष प्रो. शेखर चंद्र जोशी, प्रो. हरीश चंद्र जोशी, डॉ. एचआर कौशल, प्रो. एके नवीन समेत विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और सेना के अधिकारी उपस्थित रहे।







