नैनीताल। मौसम में बदलाव के साथ जिला अस्पताल बीडी पांडे की ओपीडी में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसके साथ ही डायरिया और टाइफाइड से पीड़ित मरीज भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार वर्तमान में ओपीडी में आने वाले मरीजों में आधे से अधिक वायरल फीवर से पीड़ित हैं।
जिला अस्पताल बीडी पांडे की फिजिशियन डॉ. शिवानी सिंह ने बताया कि प्रतिदिन फिजिशियन ओपीडी में करीब 70 से 80 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक मरीज वायरल फीवर की शिकायत लेकर आ रहे हैं।
वहीं करीब 15 से 20 प्रतिशत मरीज डायरिया और टाइफाइड से पीड़ित हैं। बच्चों में भी वायरल फीवर के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनकी ओपीडी में 30 से 40 वर्ष आयु वर्ग के मरीजों की संख्या अधिक है। मरीजों में तेज बुखार समेत वायरल फीवर के अन्य लक्षण प्रमुख रूप से देखने को मिल रहे हैं।
डॉ. शिवानी सिंह ने लोगों से तेज बुखार होने पर इसे सामान्य न समझने और तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। उन्होंने उबालकर पानी पीने, ठंड से बचाव रखने और बीमारी के किसी भी लक्षण को गंभीरता से लेने की सलाह दी। बच्चों में बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।





