अरबी के पौधे में खिले फूल, देखकर लोग हैरान… विशेषज्ञ बोले- अधिक गर्मी, नमी और पौधे के तनाव से आ सकता है पुष्पक्रम… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

37

नैनीताल। भवाली भूमियाधार निवासी दीपक बिष्ट के खेत में अरबी के पौधे पर फूल आने से लोग हैरान हैं। सामान्य तौर पर अरबी में पुष्पक्रम आसानी से दिखाई नहीं देता, ऐसे में पौधे पर खिले पीले-क्रीम रंग के फूल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार यह किसी रोग या विकृति का संकेत नहीं, बल्कि अरबी में होने वाली प्राकृतिक पुष्पन प्रक्रिया है। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल वनस्पति विज्ञान विभाग के   प्रोफेसर ललित तिवारीने बताया कि तस्वीर में दिखाई दे रहा पौधा अरबी (Colocasia esculenta) है। इसमें दिखाई देने वाला फूल वास्तव में पुष्पक्रम है। इसके बाहरी आवरण को स्पेथ (Spathe) और भीतर मौजूद डंडी जैसी संरचना को स्पैडिक्स (Spadix) कहा जाता हैस्पैडिक्स पर छोटे-छोटे फूल विकसित होते हैं।

 

उन्होंने बताया कि अरबी में इस तरह का पुष्पक्रम अपेक्षाकृत कम दिखाई देता है। पौधे पर पड़ने वाला तनाव, अधिक गर्मी, नमी और समय से पहले परिपक्वता जैसी परिस्थितियां पुष्पन को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में पौधे पर फूल आना अपने आप में किसी बीमारी या पौधे के खराब होने का संकेत नहीं माना जाता।

●कंद के लिए जानी जाती है अरबी…

विशेषज्ञ के अनुसार अरबी मुख्य रूप से अपने कंद के लिए जानी जाती है। सामान्य तौर पर इसका प्रसार कंद अथवा कंद के हिस्सों से किया जाता है। फूल आने पर पौधे की कुछ ऊर्जा प्रजनन प्रक्रिया में खर्च होती है, लेकिन केवल पुष्पक्रम दिखाई देने से कंद के खराब होने की बात नहीं कही जा सकती।
अनुकूल परिस्थितियों में पुष्पक्रम के आगे फल और बीज बनने की संभावना भी रहती है। हालांकि अरबी में बीज से पौध तैयार करना सामान्य प्रसार विधि नहीं है। एक ही पौधे पर एक से अधिक पुष्पक्रम दिखाई देना भी इसकी प्राकृतिक पुष्पन प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है।