नैनीताल। उत्तराखंड पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी जगदीश चंद्र को भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) में नियुक्ति मिली है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को 9 अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में परिवीक्षा पर नियुक्त करते हुए उत्तराखंड कैडर आवंटित किया है। उनका नाम आइपीएस की चयन सूची-2025 में शामिल है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में भारतीय पुलिस सेवा (भर्ती) नियम, 1954 के नियम-9 तथा भारतीय पुलिस सेवा (पदोन्नति द्वारा नियुक्ति) विनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत यह नियुक्ति की गई है। आदेश के अनुसार जगदीश चंद्र उत्तराखंड राज्य पुलिस सेवा के सदस्य हैं। आइपीएस में नियुक्ति के साथ ही उन्हें उत्तराखंड कैडर आवंटित किया गया है।अधिसूचना में जगदीश चंद्र की जन्मतिथि 4 जनवरी 1973 दर्ज है। नियुक्ति के बाद वह भारतीय पुलिस सेवा (परिवीक्षा) नियम, 1954 के प्रावधानों के अनुसार एक वर्ष की परिवीक्षा पर रहेंगे। इस अवधि में उन्हें निर्धारित नियमों के तहत आइपीएस का प्रेरण प्रशिक्षण भी प्राप्त करना होगा।गृह मंत्रालय ने नियुक्ति संबंधी अधिसूचना की प्रतियां उत्तराखंड के मुख्य सचिव, संघ लोक सेवा आयोग और सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी हैं। साथ ही चयन सूची-2025 के तहत अधिसूचना को आइपीएस पोर्टल पर प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जगदीश चंद्र का आइपीएस में चयन उत्तराखंड पुलिस सेवा से पदोन्नति के माध्यम से हुआ है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना जारी होने के साथ ही उनके आइपीएस कैडर में नियुक्त होने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई है। अब वह निर्धारित परिवीक्षा और प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी करेंगे।







