कमिश्नरी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का मॉक अभ्यास, 20 मिनट में पहुंची राहत टीमें… फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम और झूलते तारों से अग्निशमन वाहन का रास्ता बाधित, मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

7

नैनीताल।मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक घटना को लेकर मॉक अभ्यास किया गया। इस दौरान आपात स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया। अभ्यास में सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर फायर सेफ्टी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, कमिश्नरी और जिला न्यायालय के पास लगे फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम मिलने और रास्ते में झूलते तारों के कारण अग्निशमन वाहन के कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच पाने जैसी खामियां भी सामने आईं।

मॉक अभ्यास के तहत अपराह्न 12:17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में धुआं उठने की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दी गई। इसके बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दर्ज कर फायर स्टेशन, एसडीआरएफ और राहत एवं बचाव दल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई और इसके बाद आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया।अभ्यास के दौरान आग से झुलसे दो कर्मचारियों और अफरातफरी में घायल हुए तीन अन्य कार्मिकों को सुरक्षित निकालकर बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही आसपास के भवनों की सुरक्षा जांच की गई और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कराई गई।

●फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम मिलने पर जताई नाराजगी..

मॉक अभ्यास में सामने आई खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए कि ऐतिहासिक और लकड़ी से निर्मित भवनों सहित आग की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास स्थापित सभी फायर हाइड्रेंट का दबाव जांचा जाए। जहां भी कमी मिले, उसे वैज्ञानिक तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने विद्युत लाइनों के साथ अन्य केबलों की भी जांच कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते अथवा रास्तों में सीढ़ियां बन जाने से आवागमन बाधित है, उनका अलग से आकलन किया जाए, ताकि आपात स्थिति में वैकल्पिक राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सभी विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। अभ्यास में विभागों का रिस्पॉन्स टाइम संतोषजनक रहा। इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।