प्रो. संजय पंत बने डीएसबी परिसर के निदेशक.. कुलपति के अनुमोदन पर कुलसचिव ने जारी किए आदेश… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

56

 

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के निदेशक पद पर भौतिक विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. संजय पंत को नियुक्त किया गया है। कुलपति के अनुमोदन के बाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। प्रो. पंत ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
प्रो. संजय पंत विश्वविद्यालय में लंबे समय से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वह पूर्व में परीक्षा नियंत्रक, निदेशक डीआईसी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, कार्यकारी निदेशक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के समन्वयक तथा भौतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता हैं। उनके शोध पत्र विभिन्न अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
प्रो. पंत के डीएसबी परिसर का निदेशक बनने पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही तेजपात का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी किया गया।
कूटा ने प्रो. चंद्रकला रावत को अधिष्ठाता छात्र कल्याण नियुक्त किए जाने पर भी बधाई दी और उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, प्रो. लज्जा भट्ट, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. विजय कुमार, डॉ. शिवांगी, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. गगन होती, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. राशि मिगलानी, सुरेश लाल, बृजेश जोशी और देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, विश्वविद्यालय के एलुमनी सेल की ओर से डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना जोशी, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. निशा और नंदा बल्लभ पालीवाल ने भी प्रो. संजय पंत तथा प्रो. चंद्रकला रावत को नई जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई दी।