मां दुर्गा के डोले में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजी सरोवर नगरी.. बंगाली और कुमाऊंनी संस्कृति की दिखी अनूठी झलक… रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल..

15
oplus_0

 

नैनीताल।शारदीय दुर्गा महोत्सव की महादशमी पर मंगलवार क मां दुर्गा के डोले के नगर भ्रमण में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों, मशकबीन और बैंड-बाजों की गूंज के बीच मां के जयकारों से सरोवर नगरी का माहौल भक्तिमय हो उठा। आकर्षक झांकियों, छोलिया नृत्य और भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों ने डोला यात्रा को भव्य स्वरूप दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प और अक्षत अर्पित कर मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

सर्बजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के समापन अवसर पर सुबह नैना देवी मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान हुए। मुख्य पुजारी शुभ चक्रवर्ती ने महादशमी पूजन संपन्न कराया। इसके बाद दर्पण विसर्जन और देवी वरण की रस्में निभाई गईं। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत मां दुर्गा का डोला नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मां का स्वागत किया।

डोला मल्लीताल के मुख्य बाजार से होते हुए माल रोड की ओर बढ़ा। यात्रा में शामिल झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। छोलिया नृतकों ने पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर कुमाऊंनी संस्कृति की छटा बिखेरी, वहीं भजन मंडलियों ने भक्ति गीतों से माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। स्कूली बच्चों की झांकियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। डोले के बाजारों से गुजरने के दौरान लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों से फूल व अक्षत अर्पित कर मां को नमन किया।

●बंगाली और कुमाऊंनी परंपराओं का संगम..

दुर्गा महोत्सव में बंगाली धार्मिक परंपराओं और कुमाऊंनी लोक संस्कृति का अनूठा मेल देखने को मिला। वहीं बंगाल से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों ने भी नैनीताल की इस अनूठी परंपरा की तारीफ की। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, शीतल पेय और जूस की व्यवस्था की गई। पंजाबी महासभा नैनीताल की ओर से मल्लीताल में प्रसाद वितरित किया गया। शाम को निर्धारित धार्मिक कार्यक्रम के अनुसार डोले को तल्लीताल क्षेत्र से नैनी झील तक ले जाकर प्रतिमा विसर्जन किया जाना था। इससे महोत्सव का विधिवत समापन होना था।

कमेटी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद..

इस अवसर पर कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल, महासचिव उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, दिनेश भट्ट, भास्कर बिष्ट, प्रेम कुमार शर्मा, सुरेश अधिकारी, आलोक चौधरी, विशाल वर्मा, श्री गुरुरानी, नवीन शर्मा, तृप्ति मजूमदार, डॉली भट्टाचार्य, भास्कर महतोलिया, मंजू रौतेला, अमन महाजन, किशन अधिकारी, सुरेश चौधरी, विनोद पंत, शिवराज नेगी और दीप जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष, सभासदों, पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय कुमार संजू तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी आयोजन में भाग लिया।

पंजाबी महासभा की ओर से आयोजित प्रसाद वितरण में जीत सिंह आनंद, विक्रम स्याल, प्रदीप जेठी, धर्मेंद्र शर्मा, राजीव गुप्ता, अमरप्रीत सिंह, संदीप भुल्लर, सुमित खन्ना, मोनी खन्ना और डॉ. पल्लवी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।