वन्यजीव संरक्षण का संदेश लेकर रैंप पर उतरे नन्हे-मुन्ने, बच्चों ने बनाए संरक्षण मॉडल… 220 विद्यार्थियों ने किया निःशुल्क भ्रमण… रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल..

13

 

नैनीताल। वन्यजीव संरक्षण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से नैनीताल स्थित जीबी पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान में वन्यजीव सप्ताह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने वन्यजीवों की वेशभूषा धारण कर संरक्षण का संदेश दिया, वहीं कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने अपशिष्ट सामग्री से आकर्षक संरक्षण मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।वन क्षेत्राधिकारी एवं प्राणी उद्यान के निदेशक आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के पहले सत्र में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए फैशन शो प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने वन्यजीवों की वेशभूषा में मंच पर प्रस्तुति देकर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन हिमालयन बॉटनिकल गार्डन की वनस्पतिशास्त्री डॉ. रजनी रावत ने किया।
दूसरे सत्र में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए संरक्षण मॉडल डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने कागज, बोतल, गत्ते और अन्य अपशिष्ट सामग्री का उपयोग कर वन्यजीवों, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व तथा सतत आवास जैसे विषयों पर आधारित मॉडल बनाए। प्रतियोगिता का संचालन प्राणी उद्यान के जीवविज्ञानी अनुज कांडपाल ने किया। दोनों प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के कुल 60 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

●220 विद्यार्थियों ने किया जू का भ्रमण…

वन्यजीव सप्ताह के तहत नैनीताल वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के कुल 220 विद्यार्थियों को नैनीताल जू का निःशुल्क भ्रमण कराया गया। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों, उनके प्राकृतिक आवास और संरक्षण के महत्व से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में उपनिदेशक स्वाति, वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन आरक्षी पवन कुमार एवं नीरज कुमार, फार्मासिस्ट विक्रम सिंह मेहरा, सिस्टम एनालिस्ट आनंद सिंह, पुरन सिंह, कु. प्रियंका, अनुज पांडे और भीम सिंह सहित प्राणी उद्यान के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।