राष्ट्रीय एकता दिवस की परेड में अग्रिम पंक्ति में रहीं कुमाऊं विवि की कैडेट पायल जलाल… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

8

 

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की एनसीसी कैडेट पायल जलाल ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के लिए उनका चयन राष्ट्रीय एनसीसी दल में हुआ था। शनिवार को समारोह की अंतिम परेड में पायल ने एनसीसी दल की अग्रिम पंक्ति में शामिल होकर मार्च पास्ट किया।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। अनुशासित कदमताल, आपसी समन्वय और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सजी परेड समारोह का प्रमुख आकर्षण रही।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परेड में एनसीसी दल की अग्रिम पंक्ति में स्थान प्राप्त करना पायल जलाल की उपलब्धि को खास बनाता है। यह उनके कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से कुमाऊं विश्वविद्यालय के साथ ही उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ा है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) सतपाल सिंह बिष्ट और कुलसचिव प्रो. (ले.) रीतेश साह ने पायल जलाल को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राकेश रावत, डीएसबी परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. चंद्रकला रावत ने भी कैडेट को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पायल की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी एनसीसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।