राजपुरा में गुलदार की आहट से सहमे लोग… वन विभाग अलर्ट; कैमरों से होगी निगरानी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

30
Oplus_16908288

 

नैनीताल। शहर के राजपुरा क्षेत्र में बीते दिनों गुलदार दिखाई देने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार, 12 नवंबर को नगरपालिका रेंज नैनीताल के वन विभाग की टीम ने राजपुरा क्षेत्र में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं।वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि राजपुरा क्षेत्र में गुलदार दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को सक्रिय किया गया है। टीम ने क्षेत्र में गश्त कर संभावित आवाजाही वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इसके अलावा ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, ताकि गुलदार की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके।

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे विशेष सावधानी बरतें। सुबह और शाम के समय अकेले सुनसान रास्तों पर जाने से बचें। बच्चों को अकेले घर से बाहर न भेजें और पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें। घरों के आसपास झाड़ियों और कूड़े के ढेर की सफाई रखें तथा रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें। गुलदार दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की गश्ती टीम में वन आरक्षी राजेंद्र वर्मा, राजू रावत, दीपिका भंडारी, नंदन दानू और कुंदन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वन विभाग ने कहा कि क्षेत्र में निगरानी जारी रहेगी और ट्रैप कैमरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।