15 नवंबर से सैलानियों के लिए खुलेगा कॉर्बेट का ढिकाला जोन… जंगल सफारी के साथ मिलेगा नाइट स्टे का रोमांच.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

3
Oplus_16908288

नैनीताल (रामनगर)। बाघों के दीदार के लिए विश्वविख्यात जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रमुख ढिकाला जोन 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में शीतकालीन पर्यटन सत्र की शुरुआत हो जाएगी। पर्यटकों की आमद को देखते हुए पार्क प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ढिकाला जोन की सड़कों को दुरुस्त करने के साथ ही विश्राम गृहों में भी पर्यटकों की सुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला ने बताया कि इस बार पर्यटकों की सुरक्षा के साथ वन्यजीवों की निजता को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। पार्क के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर ही अपने मोबाइल फोन जमा कराने होंगे, जबकि कैमरे ले जाने की अनुमति होगी। 15 नवंबर से ढिकाला जोन में कैंटर के माध्यम से डे विजिट के साथ ही रात्रि विश्राम और अन्य पर्यटन गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी।

●विदेशी पर्यटकों के लिए चार कमरे आरक्षित..

विदेशी पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए ढिकाला के विश्राम गृह में चार कमरे विशेष रूप से आरक्षित किए गए हैं। विदेशी पर्यटक अपनी करेंसी में भी बुकिंग करा सकेंगे। ढिकाला सफारी और रात्रि विश्राम के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की गई है। भारतीय पर्यटकों के लिए 45 दिन पहले तक एडवांस बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है, जबकि विदेशी पर्यटकों के लिए आरक्षित चार कमरों की बुकिंग 90 दिन पहले से कराई जा सकती है। पार्क प्रशासन के अनुसार अब तक जारी की गई अधिकांश बुकिंग फुल हो चुकी हैं।
पर्यटकों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही वन्यजीवों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। सफारी के दौरान निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
चार लाख से अधिक पर्यटक पहुंचते हैं हर साल
ढिकाला जोन खुलने से रामनगर के पर्यटन कारोबारियों में भी खासा उत्साह है। कोरोना काल के बाद विदेशी पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी से कॉर्बेट के पर्यटन कारोबार को नई गति मिली है। प्रतिवर्ष चार लाख से अधिक पर्यटक कॉर्बेट पहुंचकर बाघों समेत अन्य वन्यजीवों का दीदार करते हैं। इससे पार्क को राजस्व मिलने के साथ ही रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में होटल, रिसॉर्ट, जिप्सी संचालकों और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को भी रोजगार मिलता है।
ढिकाला जोन पर्यटकों की पहली पसंद माना जाता है। यहां बाघों के अलावा हाथी, हिरण, मगरमच्छ और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। ऐसे में 15 नवंबर से शुरू होने वाले नए पर्यटन सत्र को लेकर कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।