ब्रह्मांड के अनसुलझे रहस्यों की खोज में जुटे युवा खगोलविद… 3.6 मीटर की दूरबीन से खुलेगी ब्रह्मांड के रहस्यों की राह… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

2

नैनीताल। ब्रह्मांड के रहस्यों को समझने और खगोलीय अनुसंधान की आधुनिक तकनीकों से युवा वैज्ञानिकों को रूबरू कराने के उद्देश्य से आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में पांच दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है। 16 से 20 नवंबर तक चल रही इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को भारत की सबसे बड़ी ऑप्टिकल दूरबीन 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DOT) के माध्यम से खगोलीय प्रेक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।

एरीज की ओर से आयोजित कार्यशाला का नाम ‘एक्सप्लोरिंग द कॉसमॉस विद 3.6 मीटर डीओटी : फ्रॉम ऑब्जर्वेशंस टू साइंस रिजल्ट्स’ (ExCoDOT-2026) रखा गया है। इसके दूसरे संस्करण का आयोजन मनोरा पीक और देवस्थल परिसर में किया जा रहा है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवा खगोलविदों और शोधार्थियों को अत्याधुनिक दूरबीन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उन्हें वास्तविक वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए तैयार करना है।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को केवल दूरबीन की तकनीकी जानकारी ही नहीं दी जा रही, बल्कि प्रेक्षण प्रस्ताव तैयार करने, उसे प्रस्तुत करने, दूरबीन के माध्यम से खगोलीय पिंडों का अध्ययन करने तथा प्राप्त आंकड़ों के प्रसंस्करण और विश्लेषण की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है। इसके साथ ही इमेजिंग और स्पेक्ट्रोस्कोपी से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा रात्रिकालीन खगोलीय प्रेक्षण का प्रदर्शन भी कार्यक्रम का हिस्सा है। एरीज के वैज्ञानिक और शोधार्थी विभिन्न व्याख्यानों एवं प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
कार्यशाला का उद्घाटन एरीज के अधिष्ठाता एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश कुमार ने किया। उन्होंने 3.6 मीटर दूरबीन की वैज्ञानिक क्षमताओं और देश में खगोलीय अनुसंधान को आगे बढ़ाने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के संयोजक डॉ. सौरभ शर्मा हैं, जो 3.6 मीटर दूरबीन के प्रभारी खगोलविद भी हैं।
गौरतलब है कि नैनीताल जिले के देवस्थल में स्थापित 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप वर्ष 2016 से संचालित है। यह दृश्य प्रकाश और निकट-अवरक्त तरंगदैर्ध्य में खगोलीय पिंडों के अध्ययन के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है। इसे राष्ट्रीय वैज्ञानिक सुविधा के रूप में विकसित किया गया है, जिसका लाभ देशभर के खगोलविद और शोधकर्ता उठा रहे हैं।
इस दूरबीन के संचालन के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यशाला युवा वैज्ञानिकों को आधुनिक खगोलीय अनुसंधान से जोड़ने और देश में शोध की नई संभावनाएं विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।