नैनीताल। नैनीताल के गोविंद बल्लभ पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान (नैनीताल जू) में वन्यजीवों का कुनबा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। पर्यटकों को जल्द ही यहां सफेद बाघिन के दीदार हो सकते हैं। इसके लिए पटना चिड़ियाघर के साथ वन्यजीवों के आदान-प्रदान (एनिमल एक्सचेंज) का प्रस्ताव अंतिम चरण में पहुंच गया है। दोनों चिड़ियाघरों की ओर से इस पर सहमति भी मिल चुकी है। प्रस्ताव के तहत नैनीताल जू एक काला भालू पटना जू को देगा, जबकि बदले में वहां से एक मादा सफेद बाघ लाई जाएगी।
नैनीताल जू के प्रभागीय वन अधिकारीआकाश गंगवार के अनुसार, दोनों चिड़ियाघरों के बीच सहमति बनने के बाद अब प्रस्ताव को नियमानुसार केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) की तकनीकी समिति के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। समिति की मंजूरी मिलने के बाद वन्यजीवों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसमें करीब तीन से छह महीने का समय लगने की संभावना है।
इसी क्रम में देहरादून चिड़ियाघर के साथ भी वन्यजीवों के आदान-प्रदान को लेकर सहमति बन गई है। इस प्रस्ताव के तहत नैनीताल जू में मकाऊ (रंग-बिरंगे विदेशी तोते) लाए जाएंगे, जबकि इसके बदले यहां से चीड़ फीजेंट (Cheer Pheasant) देहरादून जू को दिए जाएंगे। डीएफओ के अनुसार, यह प्रस्ताव भी अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
वन्यजीवों के इस आदान-प्रदान से नैनीताल जू में वन्यजीवों की विविधता बढ़ने के साथ पर्यटकों को नए वन्यजीव देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही चिड़ियाघरों के बीच वैज्ञानिक प्रबंधन, प्रजनन और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में भी सहयोग मजबूत होगा।प्रभागीय वन अधिकारी’
आकाश गंगवार ने बताया कि दोनों प्रस्तावों पर संबंधित चिड़ियाघरों के बीच सहमति बन चुकी है। अब नियमानुसार जरूरी अनुमोदन और औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं
● वन्यजीवों के आदान-प्रदान के लिए सीजेडए की मंजूरी जरूरी…
देश के चिड़ियाघरों में वन्यजीवों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित होती है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों के वैज्ञानिक प्रबंधन, बेहतर प्रजनन व्यवस्था, आनुवंशिक विविधता बनाए रखने और संरक्षण प्रयासों को मजबूत करना है। इसके लिए संबंधित चिड़ियाघरों को वन्यजीवों की उपलब्धता, स्वास्थ्य, आवास और आदान-प्रदान के उद्देश्य से जुड़े विवरण भी प्रस्तुत करने होते हैं।







