नैनीताल में 3.89 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा, आठ ब्लॉकों में अलर्ट रहेंगी इमरजेंसी टीमें… 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन, 25 नवंबर को छूटे बच्चों के लिए चलेगा विशेष अभियान…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल

5

नैनीताल। जनपद में बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए बुधवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले में एक से 19 वर्ष तक के 3,89,860 बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को प्रभावी और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिले के सभी आठ विकासखंडों में इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें गठित की गई हैं।स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान में सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों को भी शामिल किया गया है। जिले के कुल 2,090 विद्यालयों और 1,530 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को कृमिनाशक दवा दी जा रही है।

दवा सेवन के बाद किसी बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक विकासखंड में इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई है। वहीं, जनपद स्तर पर गठित मॉनिटरिंग टीमों ने विभिन्न विकासखंडों में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर दवा वितरण एवं सेवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीमों ने अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

●25 नवंबर को छूटे बच्चों को मिलेगी दवा..

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा सेवन से वंचित रहने वाले बच्चों के लिए 25 नवंबर को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन छूटे हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इसके लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को ऐसे बच्चों की पहचान कर उनका दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

●सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा निश्शुल्क..

सीएमओ ने बताया कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावा अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भी एल्बेंडाजोल की दवा निश्शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए जरूरी है। कृमि संक्रमण से एनीमिया, कुपोषण, भूख में कमी और शारीरिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित अभियान के तहत दवा का सेवन अवश्य कराएं और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, ताकि जिले के सभी लक्षित बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव का लाभ मिल सके।