विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक, हाई कोर्ट ने याचिका की निस्तारित… रिपोर्ट-(ब्यूरो )”स्टार खबर” नैनीताल..

8

नैनीताल। उत्तराखंड हाई कोर्ट ने विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगाने तथा उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई की। मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका को निस्तारित कर दिया।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप लगाया गया कि इस मामले में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत नोटिस दिए बिना ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में याचिकाकर्ताओं को भी गिरफ्तार किए जाने की आशंका है।
याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता ने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट ने अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन अपराधों में सात वर्ष से कम की सजा का प्रावधान है, उनमें निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना गिरफ्तारी नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में गिरफ्तारी से पहले बीएनएसएस की धारा 35 के तहत नोटिस दिया जाना आवश्यक है। आरोप है कि पुलिस ने चार लोगों की गिरफ्तारी के दौरान इन दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया। इसी आधार पर मुकदमे को निरस्त करने और याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई।
वहीं, सरकार की ओर से याचिका का विरोध करते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान याचिकाकर्ताओं ने व्यवधान उत्पन्न किया था। साथ ही पोडियम में तोड़फोड़ करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एकलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप याचिकाकर्ताओं को गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान करते हुए याचिका निस्तारित कर दी।