दो साल में बनेगा जखोल का सोमेश्वर महादेव मंदिर, हाई कोर्ट ने हटाई निर्माण पर लगी रोक… स्थानीय परंपराओं और पहाड़ी स्थापत्य कला का रखना होगा ध्यान.. रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल..

3

नैनीताल। उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित जखोल गांव के पौराणिक सोमेश्वर महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। हाई कोर्ट ने मंदिर निर्माण पर पूर्व में लगाई गई रोक हटाते हुए राज्य सरकार को दो साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने मुख्य सचिव को मंदिर निर्माण के लिए एक कमेटी गठित करने को कहा है। कमेटी में मंदिर समिति के सदस्यों के साथ ही अन्य संबंधित लोगों को भी शामिल किया जाएगा।
सोमेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र है। मंदिर को लेकर मान्यता है कि इसका संबंध पांडवों से रहा है। यह मंदिर अपनी पारंपरिक पहाड़ी काष्ठ एवं पत्थर स्थापत्य शैली के लिए भी विशेष पहचान रखता है। मंदिर निर्माण की प्रक्रिया और उसके स्वरूप को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और निर्माण कार्य से जुड़े पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया था।
ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण में बाहरी मिस्त्रियों को लगाए जाने पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि मंदिर का निर्माण स्थानीय परंपराओं और पहाड़ की प्राचीन स्थापत्य शैली के अनुरूप पारंपरिक देव शिल्पियों से कराया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि बाहरी कारीगरों के माध्यम से निर्माण होने पर मंदिर की पारंपरिक पहचान और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप स्वरूप प्रभावित हो सकता है।
इस विवाद को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मंदिर निर्माण पर रोक लगा दी थी। इससे निर्माण कार्य अधर में लटक गया था। अब मामले में सुनवाई के बाद कोर्ट ने रोक हटाते हुए सरकार को निर्धारित समयसीमा में मंदिर निर्माण पूरा कराने का आदेश दिया है। साथ ही कमेटी के गठन के निर्देश देकर निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता खोल दिया है।
जखोल स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था से गहराई से जुड़ा है। कोर्ट के आदेश के बाद मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि अब जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा और मंदिर के निर्माण में पहाड़ की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं, स्थानीय संस्कृति तथा स्थापत्य कला का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।