नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शनिवार को वाणिज्य विभाग में स्किल डेवलपमेंट लैब की शुरुआत हुई। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी ने मुख्य अतिथि के रूप में लैब का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, नैतिकता और अनुशासन का महत्व समझाते हुए जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लंदन स्थित एलारा कैपिटल के चेयरमैन एवं सीईओ तथा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र राज भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने की।
न्यायमूर्ति मैठाणी ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य महज डिग्री हासिल करना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से व्यक्ति के चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी विकास होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को जीवन में सत्य का साथ देने और अपने आचरण में अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।
●सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए करें प्रयास..
विशिष्ट अतिथि राज भट्ट ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि युवावस्था में बड़े सपने देखना और उन्हें साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। ज्ञान को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्वाग्रहों से दूर रहकर व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षा को समाज की सेवा से जोड़ने पर जोर देते हुए ‘शिक्षार्थ सेवार्थ’ की भावना अपनाने का आह्वान किया।
●कल्याणी समिति के साथ हुआ समझौता..
इस अवसर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय और लीलाधर भट्ट मेमोरियल कल्याणी समिति के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत शैक्षणिक गतिविधियों और कौशल विकास के क्षेत्र में मिलकर काम करने तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग किया जाएगा।
कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्किल डेवलपमेंट लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में उच्च शिक्षा को रोजगार और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना आवश्यक है।
इस दौरान अतिथियों ने ‘जीएसटी यूजिंग टैली’ पाठ्यक्रम का भी शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों रुचिका भट्ट और नवल गुरुरानी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीएसबी परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत ने स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने किया। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. रीतेश साह, वित्त अधिकारी कमलेश भंडारी, कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एलएस लोधियाल, प्रो. अरविंद अधिकारी, प्रो. महेंद्र राणा, प्रो. प्रीति आर्य, डॉ. नंदन, डॉ. अनिता, डॉ. पूरन, डॉ. मोहित, डॉ. निधि सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।







