नैनीताल। लोकतंत्र की विश्वसनीयता केवल निष्पक्ष मतदान पर निर्भर नहीं करती, बल्कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता भी इसमें अहम भूमिका निभाती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए और कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। यह बात कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने पंतनगर में आयोजित राष्ट्र चिंतन संवाद में कही।
डॉ. रतन सिंह सभागार में ‘सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की कैंपेन-एमिनेंट सिटीजन्स डायलाग’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रो. बिष्ट ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और नागरिकों की जिम्मेदारियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल वोट डालने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, संवैधानिक मूल्यों के सम्मान और संस्थाओं के प्रति विश्वास से इसकी मजबूती तय होती है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का समय-समय पर पुनरीक्षण निर्वाचन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे सूची में मौजूद त्रुटियों और विसंगतियों को निर्धारित नियमों के तहत दूर किया जा सकता है। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया में समावेशिता का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से छूटने न पाए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने सहित निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करें। पुनरीक्षण के दौरान निर्वाचन तंत्र की ओर से मांगी गई जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने में भी सहयोग करें।
प्रो. बिष्ट ने कहा कि अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्य भी जुड़े हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना, संविधान के प्रति सम्मान और कानून के शासन में विश्वास प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र तभी सार्थक होगा, जब नागरिक उसकी प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बलजीत गाबा ने की। पंतनगर विश्वविद्यालय के एसोसिएट डीन (स्पोर्ट्स) डॉ. त्यागी और चार्टर्ड अकाउंटेंट सक्सेना ने भी विचार रखे। राष्ट्र चिंतन संवाद के संयोजक डॉ. संदेश यादव ने कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन किया। संवाद में मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों ने मतदाता जागरूकता, नागरिक दायित्वों और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर विचार साझा किए।







