पशुपालकों को बड़ी सौगात: फरवरी से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी, 295.52 करोड़ का बजट पारित ★. दुग्ध संघ के अधिवेशन में 34 हजार पशुपालक परिवारों के हित में बड़े फैसले, 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार वितरित

4

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। इस दौरान आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। शनिवार को पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने किया।

कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी एवं मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुम्का सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। अधिवेशन में 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही।इस अवसर पर मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के उत्कृष्ट महिला और पुरुष दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा आठ विकासखंडों के 31 दुग्ध उत्पादकों, दस समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए गए। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ का लक्ष्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देना है। राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने सहकारी संस्थाओं को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बताया। वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया। अधिवेशन में दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।