हल्द्वानी। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, नैनीताल की संगठनात्मक बैठक मंगलवार को कांग्रेस भवन, स्वराज आश्रम में जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ स्तर पर मजबूती तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनाव में सफलता की कुंजी है।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार के तहत जुगल किशोर को धारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इन्दर पाल आर्य ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में जिला कार्यकारिणी के विस्तार, जनसंपर्क अभियान तेज करने और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। संचालन प्रदेश सोशल मीडिया सचिव विनोद कुमार पिन्नू ने किया। इस अवसर पर राहुल छिमवाल, राधा आर्य, महेशानंद, यशपाल आर्य, लक्ष्मण धापोला, जगदीश चंद्र भारती, प्रकाश आर्य सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







