खबर का बड़ा असर: सीएमओ ने ढोली स्वास्थ्य केंद्र का कराया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित फार्मेसी अधिकारी पर कार्रवाई… समाचार प्रकाशित होते ही हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, स्पष्टीकरण तलब, एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

23

नैनीताल।
ओखलकांडा विकासखंड के ढोली गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग तत्काल हरकत में आ गया। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि पंत ने तत्काल जांच के आदेश दिए, जिसके बाद डॉ. गणेश धरमशत्रु के नेतृत्व में टीम ने स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नर्सिंग अधिकारी एवं फार्मेसी अधिकारी उपस्थित मिले। टीम ने उपस्थिति पंजिका और तैनाती से जुड़े अभिलेखों की जांच की। जांच में स्पष्ट हुआ कि स्वास्थ्य केंद्र में तीन नर्सिंग अधिकारी, एक फार्मेसी अधिकारी और एक एएनएम तैनात हैं, जबकि चिकित्सा अधिकारी, स्वच्छक और वार्ड बॉय के पद अभी भी रिक्त हैं।
जांच में सामने आया कि 6 जुलाई को दो नर्सिंग अधिकारी और एएनएम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में आयोजित एमपीआर बैठक में गए थे, जिसकी पुष्टि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और उपस्थिति पंजिका से हुई। वहीं एक नर्सिंग अधिकारी स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद थीं।
हालांकि, फार्मेसी अधिकारी 6 जुलाई को बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए और उन्होंने उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर भी नहीं किए थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है तथा निर्देश दिए हैं कि अग्रिम आदेश तक 6 जुलाई का उनका वेतन आहरित न किया जाए।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की इस बत्वरित कार्रवाई को प्रकाशित समाचार का सीधा असर माना जा रहा है, जिसके बाद विभाग ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।