भवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: युवती बिजनौर से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार.. अपहरण व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज, भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस टीम को किया सम्मानित… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

93

नैनीताल। गरमपानी क्षेत्र से लापता हुई युवती को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बिजनौर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में नामजद आरोपी युवक सुहैल को दिल्ली–बिजनौर बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि गरमपानी निवासी युवती के पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की दो टीमें तत्काल रवाना की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली–बिजनौर सीमा से दबोच लिया तथा युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। रविवार को मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इधर, घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिली। कोतवाली पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को सम्मानित किया। महिला मोर्चा की निर्वितमान महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि बाहरी प्रदेशों से आकर स्थानीय युवतियों को बरगलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ऐसे लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की भी मांग उठाई।भाजपा कार्यकर्ताओं ने तथाकथित “लव जिहाद” और “लैंड जिहाद” जैसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, भाजपा नेता प्रकाश आर्या, शिवांशु जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष कंचन साह, उपाध्यक्ष शुभम कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष आदित्य वोरा, आशुतोष चंदोला, सलड़ी व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, वैभव आनंद, अशोक कुमार, मनोज कनवाल आर्या सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विधायक सरिता आर्या ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने भी घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं क्षेत्र में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कोतवाल से वार्ता कर मामले में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में रह रहे संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।