ऑफिशियल मेल पर धमकी से हड़कंप, नैनीताल के न्यायालय परिसरों में सघन चेकिंग… एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में BDS/डॉग स्क्वाड तैनात, पुलिस अलर्ट मोड पर… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर” नैनीताल..

80

नैनीताल। जिला न्यायालय नैनीताल के आधिकारिक ईमेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए धमकी भरे संदेश के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए जिले के विभिन्न न्यायालय परिसरों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।पुलिस को यह सूचना माननीय जिला न्यायाधीश नैनीताल के माध्यम से प्राप्त हुई। संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।अभियान के तहत एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रहे हैं। न्यायालय परिसरों में बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वाड की टीमों द्वारा लगातार तलाशी एवं फ्रिस्किंग की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति एवं संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा मानकों (SOP) के तहत सभी टीमों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि धमकी भरे ईमेल संदेश की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषी के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच में जुटी हुई है।