★. ककराली गेट के पास जंगली हाथी का कहर, लकड़ी बीनने गई महिला की मौत
★. टनकपुर में हाथी के हमले से उजड़ा परिवार, चार बच्चों की मां की दर्दनाक मौत
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
टनकपुर/चंपावत। टनकपुर क्षेत्र के ककराली गेट नंबर एक, लीसा डिपो के पास जंगल में लकड़ी बीनने गई एक महिला को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला। हादसे के बाद मृतका के ससुराल और मायके दोनों में मातम पसरा हुआ है। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 5, नई बस्ती निवासी रिचर्ड पत्नी भूपराम जंगल क्षेत्र में अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगल से निकलकर एक जंगली हाथी मौके पर आ गया। हाथी को देखते ही महिलाएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। अफरा-तफरी के बीच हाथी ने रिचर्ड पर हमला कर दिया। वह महिला को गिराकर कुचलता हुआ आगे बढ़ गया, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल टनकपुर भेजा गया। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चे छोड़ गई हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इलाके में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों को जान का खतरा बना रहता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और समूह में भी सतर्कता बरतें। साथ ही हाथियों की गतिविधि वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। यह क्षेत्र टनकपुर के अंतर्गत आता है।



