नैनीताल। उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना से बुधवार को पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट किया गया और न्यायालय परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचीं और हालात का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके निर्देशन में न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया।
मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्रा तथा सीएसओ राकेश बिष्ट भी मौजूद रहे। आईजी कुमायूँ ने एसएसपी नैनीताल को निर्देशित किया कि उच्च न्यायालय की समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट कर तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
सघन चेकिंग और एंटी-सैबोटाज जांच
न्यायालय परिसर में डॉग स्क्वॉड एवं बम निरोधक दस्ते द्वारा एंटी-सैबोटाज जांच कराई गई। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर प्रत्येक आगंतुक की गहन तलाशी सुनिश्चित की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ 01 कम्पनी पीएसी तथा एटीएस की टीम भी तैनात की गई है। उच्च न्यायालय के प्रत्येक एंट्री गेट पर बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा अधिकृत पत्र जारी किए जाएंगे और बाहरी व्यक्तियों की एंट्री केवल प्राधिकृत पत्र के आधार पर ही होगी।
24×7 सीसीटीवी मॉनिटरिंग के निर्देश
आईजी कुमायूँ ने विशेष निर्देश दिए कि—
न्यायालय परिसर में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा सुनिश्चित किया जाए।
सीसीटीवी कैमरों की 24×7 सतत मॉनिटरिंग हो।
साइबर सेल द्वारा धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर स्रोत का शीघ्र पता लगाया जाए।
बाहरी व्यक्तियों का पृथक रजिस्टर अनिवार्य रूप से मेंटेन किया जाए, जिसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र विवरण, आगमन का उद्देश्य व समय अंकित हो।
किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
एसटीएफ व केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए राज्य एसटीएफ तथा केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी और खुफिया स्तर पर जांच जारी है।
कुमायूँ पुलिस ने आमजन को आश्वस्त किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा न्यायालय की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।





