नैनीताल।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में महिलाओं और ग्रामीणों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें करीब दो कुंतल प्लास्टिक कूड़ा एकत्र किया गया।अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने भाग लिया और गांव के विभिन्न स्थानों से प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया। अभियान के बाद इसकी सूचना जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल को दी गई तथा कूड़ा उठान के लिए वाहन भेजने का अनुरोध किया गया।
ग्रामीणों के इस सराहनीय प्रयास को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल ने तुरंत कूड़ा वाहन भेजकर एकत्र किए गए कचरे का निस्तारण करवाया। ग्रामीणों ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।ग्रामवासियों ने कहा कि गांव को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। साथ ही सभी ग्रामीणों और सहयोगकर्ताओं को इस अभियान में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया गया।







