नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल रोड पर रानीबाग आर्मी कैंट के ठीक सामने सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। नैनीताल से रुद्रपुर की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की अनियंत्रित बस UK 06 PA 1726 ने 4 वर्षीय मासूम बच्ची कनक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कनक आंगनबाड़ी से पढ़कर अपनी मां राजकुमारी के साथ घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।मृतका के पिता जीवन लाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
परिवार मूल रूप से टेहरी, पीलीभीत का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को एंबुलेंस के जरिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहन उत्तराखंड रोडवेज की सरकारी बस है। शहर में दिन के समय ‘नो एंट्री’ लागू है, लेकिन रोडवेज बसों को फिलहाल इससे छूट दी गई थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की बात कही है।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी साबित हो रही है।





