नैनीताल।
जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार नैनीताल में आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को पर्यटन सीजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके तहत टैक्सी, नाव, घोड़ा संचालकों एवं होटल स्टाफ का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा अवैध रूप से संचालित होमस्टे एवं ठेलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, शटल सेवा को मजबूत करने और पार्किंग सुविधाओं का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय एवं बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने को कहा गया।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुखद अनुभव प्रदान करना है, साथ ही नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखना भी प्राथमिकता में शामिल है।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी,होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, महासचिव वेद साह, व्यापार मंडल तल्लीताल के अध्यक्ष मारुति साह, मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, महामंत्री त्रिभुवन फर्त्याल, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, नाव एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





