पर्यटन सीजन से पहले नैनीताल पुलिस में सख्ती, एसएसपी का कड़ा संदेश.. ड्यूटी में नशा, दुर्व्यवहार और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई… लंबित विवेचनाएं 60 दिन में पूरी करने के निर्देश.. रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर” नैनीताल…

16

नैनीताल। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने पुलिस विभाग को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से कड़े निर्देश जारी किए हैं।

अपराध समीक्षा बैठक एवं पुलिस कर्मियों के सम्मेलन में एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस की छवि सुधारना और जनता के प्रति शालीन व्यवहार सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि आमजन और पर्यटकों के साथ व्यवहार सौम्य, संयमित और सम्मानजनक रखा जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल आने वाले पर्यटकों के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनाना आवश्यक है।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए एसएसपी ने चेतावनी दी कि यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाया गया या जनता के साथ दुर्व्यवहार करता मिला, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।

बैठक में लंबित विवेचनाओं पर भी गंभीर चिंता जताई गई। एसएसपी ने कहा कि आबकारी अधिनियम, बिजली चोरी, सड़क दुर्घटनाओं जैसे मामलों की जांच अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। सभी जांच अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि CCTNS पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक विवेचना 60 दिनों के भीतर पूर्ण की जाए। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ ‘नो वर्क नो पे’ के तहत वेतन कटौती और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि एसएसपी ने यह भी भरोसा दिलाया कि ड्यूटी के दौरान यदि किसी पुलिसकर्मी को वास्तविक समस्या, संघर्ष या विवाद का सामना करना पड़ता है, तो विभाग पूरी मजबूती के साथ उसके समर्थन में खड़ा रहेगा।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के इन निर्देशों से स्पष्ट है कि नैनीताल पुलिस को अधिक जवाबदेह, अनुशासित और जनहितैषी बनाने की दिशा में विभाग सख्त रुख अपनाने जा रहा है।