ब्रेकिंग.. भवाली बायपास पर मातम: खाई में समाई कार… एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत की आशंका… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

141

नैनीताल। भवाली सेनिटोरियम बायपास रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। लखनऊ नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोगों के मौत की आशंका जताई जा रही है। हादसे में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवाली सेनिटोरियम से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे बायपास रोड पर कार अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग पर्यटक थे और एक ही परिवार से जुड़े हुए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम खाई में उतरकर राहत टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे और राहत अभियान की निगरानी करते रहे।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार मृतकों की पहचान और अन्य वैधानिक प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पहाड़ की सड़कों पर एक और दर्दनाक हादसा कई सवाल छोड़ गया—क्या पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता और सुरक्षा उपाय अभी भी पर्याप्त नहीं हैं?