लोअर मालरोड की मरम्मत में लापरवाही पर कुमाऊँ आयुक्त सख्त, लोनिवि अधिकारियों से जवाब-तलब… 40 मीटर सड़क के निर्माण में एक वर्ष की देरी पर नाराजगी, अब CCTV से होगी कार्य की लाइव निगरानी, अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल….

37
Oplus_0

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल की महत्वपूर्ण लोअर मालरोड की मरम्मत में लगातार हो रही देरी पर कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विभाग से कार्य में हुई देरी पर स्पष्टीकरण तलब करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त दीपक रावत ने मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग को जारी पत्र में कहा है कि लोअर मालरोड 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त है। इस दौरान वह स्वयं दो बार स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं, जबकि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया है। इसके बावजूद कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी और असंतोषजनक रही है।उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा बार-बार कार्य पूरा करने की नई-नई समय-सीमा तय की गई, लेकिन कोई भी समय-सीमा पूरी नहीं हो सकी। विभाग ने पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सड़क को यातायात के लिए सुचारु करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब पुनः 45 दिन का अतिरिक्त समय मांगा जा रहा है।
आयुक्त ने औचक निरीक्षणों का हवाला देते हुए कहा कि कई बार कार्यस्थल पर कोई काम होता नहीं पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल कार्यस्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उसका लाइव लिंक आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यों की रियल-टाइम निगरानी की जा सके।
उन्होंने कहा कि मात्र 40 मीटर सड़क के निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय लगना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा गया है कि आखिर कार्य पूरा होने में इतनी देरी क्यों हुई।कुमाऊँ आयुक्त ने कहा कि नैनीताल की यह प्रमुख सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों तथा पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तय समय में गुणवत्ता के साथ सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए।