हल्द्वानी। बीमा एवं म्यूचुअल फंड क्षेत्र में सलाहकार के रूप में कार्य कर रही चॉइस वेल्दी ने उत्तराखंड में सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा कर लिया है। एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर हल्द्वानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें चॉइस वेल्दी, अवीवा लाइफ इंश्योरेंस तथा म्यूचुअल फंड क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों ने संस्था की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।
चॉइस वेल्दी के संचालक अशहर जामी सुहैल ने बताया कि संस्था विभिन्न राष्ट्रीय कंपनियों के साथ पार्टनर के रूप में जुड़कर लोगों को बीमा और निवेश से संबंधित सलाह उपलब्ध करा रही है। संस्था का उद्देश्य ग्राहकों की जरूरत और वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप उन्हें बेहतर निवेश विकल्पों की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि चॉइस वेल्दी आईआरडीएआई और एएमएफआई से संबंधित लाइसेंस प्राप्त संस्था है तथा ग्राहकों को वित्तीय सुरक्षा से जुड़े विकल्पों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें उचित मार्गदर्शन देने का प्रयास कर रही है।
अवीवा के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट अनुराग गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक प्रत्येक परिवार को बीमा सुरक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि बीमा केवल निवेश का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार को आर्थिक संकट से सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण साधन भी है।
अवीवा की ब्रांच मैनेजर दिव्या जोशी ने कहा कि वित्तीय सुरक्षा के लिए लोगों को समय रहते योजनाबद्ध तरीके से निवेश और बीमा की जानकारी हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य को लेकर अवीवा लाइफ इंश्योरेंस के साथ चॉइस वेल्दी भी लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है।
चॉइस वेल्दी के संचालक अशहर जामी सुहैल ने कहा कि संस्था का विस्तार पूरे कुमाऊं मंडल सहित उत्तराखंड के अन्य क्षेत्रों तक करने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार की वित्तीय एवं जीवन सुरक्षा के लिए भविष्य को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध निवेश करना चाहिए। इसके लिए म्यूचुअल फंड, एसआईपी, एसडब्ल्यूपी, पीएमएस, हेल्थ इंश्योरेंस और टर्म इंश्योरेंस जैसे विकल्पों को समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि निवेश करने से पहले व्यक्ति को अपनी आय, जरूरत, जोखिम क्षमता और वित्तीय लक्ष्य को ध्यान में रखना चाहिए। सही जानकारी और योजनाबद्ध निवेश के माध्यम से लोग भविष्य की आर्थिक जरूरतों के लिए बेहतर तैयारी कर सकते हैं।
अवीवा के डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक जतिन वर्मा ने आम नागरिकों से वित्तीय जोखिमों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए बीमा और निवेश को लेकर जागरूक होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान चॉइस वेल्दी के संतुष्ट ग्राहकों ने संस्था के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा करने पर संचालकों और टीम को बधाई दी तथा संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर अवीवा के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट अनुराग गर्ग, चॉइस वेल्दी के संचालक अशहर जामी सुहैल, अवीवा की ब्रांच मैनेजर दिव्या जोशी और डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक जतिन वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







