नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 14 अगस्त को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 14 अगस्त, शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं तक के शिक्षण संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शुक्रवार को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश रहेगा।
नदी-नालों में बढ़ सकता है जलप्रवाह, भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार भारी बारिश के दौरान जिले के नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह बढ़ने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका जताई गई है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा आदेश
नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







