★. देशभक्ति के रंग में रंगा जैंती महाविद्यालय परिसर, प्रभात फेरी और कुमाऊंनी प्रस्तुतियों ने बांधा समां
★.; प्रभात फेरी के बाद हुआ ध्वजारोहण, देशभक्ति गीतों और लोकनृत्य ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
रिपोर्ट – (चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर” जैंती/अल्मोड़ा
जैंती : अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार के संरक्षण में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व और देश की आजादी के संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमारा अधिकार होने के साथ ही इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. योगेश राणा और डॉ. दर्शना पंत ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। डॉ. रितेश टम्टा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के दायित्वों पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज जोशी ने किया।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। रेखा जन्तवाल, कविता मेहरा और कंचना ने आकर्षक कुमाऊंनी नृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। वहीं डॉ. मनोज जोशी, योगाचार्य संजय कुमार, सूरज कुमार, मनीष कुमार और दिनेश कुमार ने कुमाऊंनी गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर लोकसंस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के दौरान छात्र-छात्राओं ने तालियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जैंती ग्राम सभा से पहुंचे डॉ. सुरजीत विश्वास ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
समारोह में वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. दर्शना पंत, डॉ. प्रेमा कैड़ा, अजय गिरी, जया राणा, डॉ. विजयलक्ष्मी, आरती और मनीषा सहित महाविद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं में संजय बिष्ट, देवेंद्र नेगी, सूरज कुमार, मनीष कुमार, दिनेश कुमार, तानिया नेगी, सरिता कुंजवाल, रेखा जन्तवाल और कविता मेहरा सहित करीब 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरित किया गया। राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







