नैनीताल। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर खुर्पाताल के पास शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों को लेकर नैनीताल की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में तीन युवतियां और दो युवक सवार थे। सभी नोएडा में काम करते हैं और मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वाहन के राजस्थान और गुजरात नंबर से होने की जानकारी भी सामने आई है। सभी लोग नैनीताल घूमने के लिए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क से फिसलते हुए करीब 200 मीटर नीचे खाई में पहुंच गई और झील के किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन को सड़क से नीचे तक पहुंचने में काफी दूरी तय करनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ओवरटेकिंग से जुड़ी होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दो-तीन वाहन एक साथ चल रहे थे और इसी दौरान कार ओवरटेक कर रही थी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
नैनीताल जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा हुआ है। शुक्रवार को मुक्तेश्वर क्षेत्र में हादसा हुआ था, जबकि शनिवार सुबह कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर खुर्पाताल के पास यह दुर्घटना हो गई। लगातार हो रहे हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।पुलिस ने वाहन चालकों और पर्यटकों से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने, तेज गति से वाहन न चलाने और ओवरटेकिंग के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।







