कल गौलापार-चोरगलिया दौरे पर रहेंगे सीएम धामी, जिलाध्यक्षों और विधायकों के साथ करेंगे बैठक जारी हुआ कार्यक्रम

5

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के गौलापार-चोरगलिया क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री संगठनात्मक गतिविधियों के साथ ही विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मंथन करेंगे।

प्रभारी अधिकारी एवं जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार सुबह 8:40 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से कार द्वारा जीटीसी हैलीपैड के लिए रवाना होंगे। यहां से सुबह 8:55 बजे हेलीकॉप्टर से नैनीताल के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर 9:55 बजे रा.इ.का. लाखनमंडी, चोरगलिया हैलीपैड पहुंचेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री 10:05 बजे कार से नंधौरगढ़ पैलेस, गौलापार के लिए रवाना होंगे और करीब 10:10 बजे नंधौरगढ़ पैलेस पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक में प्रतिभाग करेंगे। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक मुख्यमंत्री लोकसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के सांसद एवं विधायकगणों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक लोकसभा क्षेत्र नैनीताल के सांसद एवं विधायकगणों के साथ बैठक में प्रतिभाग करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक तैयारियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों में क्षेत्र के विकास कार्यों, संगठनात्मक विषयों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।