नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव के उद्घाटन एवं पूजा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित करने के लिए विधायक सरिता आर्या एवं श्री राम सेवक सभा का प्रतिनिधिमंडल देहरादून पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें सपत्नीक महोत्सव के उद्घाटन एवं पूजा कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को आमंत्रण पत्र सौंपने के साथ ही श्री नंदा देवी महोत्सव के कार्यक्रम का पोस्टर भी विमोचन कराया गया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी से भी मुलाकात कर उन्हें धार्मिक आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया।
विधायक सरिता आर्या ने इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात कर उन्हें भी श्री नंदा देवी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल में श्री राम सेवक सभा के सदस्य हरीश राणा एवं सभासद आनंद बिष्ट भी मौजूद रहे। महोत्सव को लेकर आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विभिन्न अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है।





