रक्षाबंधन पर महिला मोर्चा ने जवानों और पुलिसकर्मियों को बांधी राखी…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

9

नैनीताल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने देश और समाज की सुरक्षा में तैनात जवानों व पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें भाई का स्नेह दिया। इस दौरान बहनों ने जवानों की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कैंट पहुंचकर सेना के जवानों को राखी बांधी। उन्होंने कहा कि जिस तरह जवान दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी भावना के साथ बहनों ने उनके हाथों में रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। घर से दूर रहकर ड्यूटी निभा रहे जवानों को परिवार की कमी महसूस न हो, इसके लिए महिलाएं उनकी बहन बनकर राखी बांधने पहुंचीं।
इसके बाद महिला मोर्चा की टीम ने तल्लीताल कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राखी बांधी। खैरना के एसओ समेत कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। वहीं मल्लीताल पहुंचने पर एसएचओ रावत समेत अन्य पुलिसकर्मियों की कलाई पर भी राखी बांधी गई।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेना और पुलिस जिस तरह देशवासियों की सुरक्षा के लिए अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभाती है, उसी तरह रक्षाबंधन पर बहनों का यह छोटा सा प्रयास उन्हें अपनापन और परिवार का एहसास कराने के लिए है।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की शांति मेहरा, विमला अधिकारी समेत अन्य कार्यकर्ता और भाई मौजूद रहे। महिलाओं ने सभी जवानों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए उनके कर्तव्य और सेवा भावना को नमन किया।