नंदा देवी महोत्सव में दिखेगी कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत, 16 से 23 सितंबर तक होगा आयोजन… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल

23

नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर शनिवार को श्री राम सेवक सभा भवन में उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष मनोज साह ने की, जबकि संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया और महासचिव जगदीश बावरी ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की।
उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले 124वें श्री नंदा देवी महोत्सव की थीम ‘संस्कार, संस्कृति एवं समृद्ध विरासत’ रखी गई है। महोत्सव के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को महोत्सव से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महोत्सव स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सादी वर्दी में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। दुकानों की व्यवस्थित व्यवस्था, मैदान को समतल करने, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।बैठक में महोत्सव के दौरान हिल जात्रा की प्रस्तुति को शामिल करने तथा विभिन्न कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।आयोजन समिति की ओर से महिलाओं से महोत्सव में अधिक से अधिक कुमाऊंनी परिधान में शामिल होने की अपील की गई। साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोने के आभूषणों का कम से कम इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया।
ईओ रोहितास शर्मा और सीओ अंजना नेगी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी तैयारियों पर जानकारी दी। बैठक में उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत के संरक्षण में युवाओं की भूमिका सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
श्री नंदा देवी महोत्सव का आयोजन 16 सितंबर से 23 सितंबर तक किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में रंजीत नेगी, कीर्ति आर्य, गिरिजा जोशी, एसएम गुरुरानी, दिनेश जोशी, पंकज कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, दीपक शर्मा, भास्कर जोशी, देवेंद्र सिंह नेगी, आरएस रावत, एएस रावत, देवेंद्र लाल साह, अंशुल ओझा, प्रियंक पांडे, अशोक साह, विमल चौधरी, ललित साह, राजेंद्र लाल साह, कमलेश ढौंडियाल, भुवन बिष्ट, भीम सिंह कार्की, मोहित लाल साह, हरीश राणा, प्रदीप जेठी, दिनेश भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।