मुंशी हरिप्रसाद टम्टा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प.. शिल्पकार सभा की आमसभा में सामाजिक उत्थान और शिक्षा पर जोर, 139वीं जयंती पर फोल्डर का विमोचन… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर” नैनीताल..

8

नैनीताल। शिल्पकार सभा नैनीताल के तत्वावधान में बुधवार को आमसभा के साथ सामाजिक क्रांति के अग्रदूत एवं महान समाज सुधारक राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की 139वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रा ने की, जबकि संचालन महामंत्री राजेश लाल ने किया।
आमसभा में कोषाध्यक्ष कैलाश आगरकोटी ने सभा का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया। इस दौरान सभा की सदस्यता का विस्तार करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर समूह बनाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें सभा के उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों एवं गतिविधियों की जानकारी देकर सदस्य बनाया जाएगा। सभा के प्रति आस्था रखने वाले किसी भी व्यक्ति को सदस्यता ग्रहण करने की सुविधा देने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की 139वीं जयंती के उपलक्ष्य में शिल्पकार सभा द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों पर आधारित फोल्डर का विमोचन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेने तथा अधूरे सामाजिक मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सभा अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रा ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा ने सामाजिक उत्थान, अनुसूचित जाति समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और शिक्षा के माध्यम से वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनका जीवन और संघर्ष समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी समाज को दूरदर्शी, ईमानदार और समाजहित के प्रति समर्पित नेतृत्व की आवश्यकता है। उनके सामाजिक योगदान के कारण उन्हें उत्तराखंड का अंबेडकर भी कहा जाता है।
महामंत्री राजेश लाल ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को राय बहादुर मुंशी हरिप्रसाद टम्टा और खुशी राम के सामाजिक समर्पण एवं संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक चेतना और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में संरक्षक के.एल. आर्य, महिला उपाध्यक्ष ऊषा कन्नौजिया, कोषाध्यक्ष कैलाश आगरकोटी, सलाहकार पी.आर. आर्य, लेखापरीक्षक संजय कुमार, महिला अध्यक्ष तारा आर्य, महामंत्री मनीषा, कोषाध्यक्ष सरिता आगरकोटी, मंत्री नीतू आर्य सहित देवेंद्र प्रकाश, अजय कुमार, अनिल कुमार, मनोज टांक, रमेश चंद्र, सीपी धुसिया, प्रकाश चंद्र, मनीष कुमार, विजय कुमार, चंद्र प्रकाश, संजय कुमार, शांति देवी, संगीता समेत पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सभा ने मुंशी हरिप्रसाद टम्टा को जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता और समाज के उत्थान के उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।