अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (एसएसजे), अल्मोड़ा में कुलपति पद पर बदलाव हो गया है। कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट को विश्वविद्यालय का अस्थायी (कार्यवाहक) कुलपति नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति 22 सितंबर 2026 से छह माह की अवधि के लिए की गई है। नियमित कुलपति की नियुक्ति होने पर अथवा इससे संबंधित नया आदेश जारी होने पर यह व्यवस्था स्वत: समाप्त हो जाएगी।
आदेश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का तीन वर्ष का कार्यकाल 21 सितंबर 2026 को पूरा हो गया है। वहीं, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 की धारा-10 की उपधारा (1) एवं (3) में निहित व्यवस्था के तहत तत्काल नियमित कुलपति की नियुक्ति संभव नहीं है। ऐसी स्थिति में अधिनियम की धारा-10 की उपधारा-7 में दी गई अंतरिम व्यवस्था के तहत राज्य सरकार की संस्तुति पर प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुलाधिपति ले. ज. गुरमीत सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश में नियुक्ति की अवधि और शर्तों को स्पष्ट किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव, उच्च शिक्षा सचिव, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सचिव, महाधिवक्ता सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।इसके अलावा निवर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, नवनियुक्त कार्यवाहक कुलपति प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट तथा विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भी आदेश की प्रति आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। निदेशक उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालय के कंप्यूटर प्रकोष्ठ को भी इसकी सूचना दी गई है।



