26 को भाद्रपद पूर्णिमा का व्रत, 27 से शुरू होगा पितृ पक्ष… विशेष- (राजीव पांडे ) खीमदा “स्टार खबर” नैनीताल..

17

नैनीताल। भाद्रपद पूर्णिमा को लेकर व्रत और श्राद्ध की तिथियों को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति रहती है। इस बार 26 सितंबर को भाद्रपद पूर्णिमा का व्रत रखा जाएगा। हालांकि, यह व्रत उन्हीं लोगों के लिए मान्य होगा, जिनके परिवार में इस तिथि का श्राद्ध नहीं होता है।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जिन परिवारों में भाद्रपद पूर्णिमा तिथि पर पितरों का श्राद्ध किया जाता है, वहां इस दिन व्रत नहीं रखा जाएगा। ऐसे परिवार श्राद्ध कर्म को प्राथमिकता देंगे। वहीं, जिनके यहां पूर्णिमा का श्राद्ध नहीं है, वे निर्धारित विधि-विधान के अनुसार पूर्णिमा का व्रत रख सकते हैं।

27 सितंबर से पितृ पक्ष का आरंभ

भाद्रपद पूर्णिमा के अगले दिन यानी 27 सितंबर से पितृ पक्ष (श्राद्ध महालय) का आरंभ होगा। इसके साथ ही लोग अपने पितरों के निमित्त तिथि के अनुसार श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान आदि धार्मिक कर्म करेंगे। पितृ पक्ष के दौरान परिवार में जिन पूर्वजों की जिस तिथि को मृत्यु हुई थी, उसी तिथि के अनुसार श्राद्ध करने की परंपरा है।
धार्मिक दृष्टि से पितृ पक्ष को पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण समय माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु पितरों की आत्मशांति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए विधि-विधान से कर्मकांड करते हैं।
ध्यान रखें : भाद्रपद पूर्णिमा के दिन व्रत और श्राद्ध को लेकर परिवार की परंपरा तथा स्थानीय विद्वान/पंचांग के अनुसार तिथि का निर्धारण करना उचित रहेगा।