नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की कक्षा चार की छात्रा और युवा गोल्फ खिलाड़ी हृतिका भट्ट ने राष्ट्रीय स्तर की गोल्फ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। नोएडा के जेपी ग्रीन्स विशटाउन में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित एनसीआर कप-26वीं एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट में हृतिका ने डी कैटेगरी में तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में देशभर से एमेच्योर और जूनियर वर्ग के गोल्फ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। डी कैटेगरी के मुकाबले 36 होल में खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों को प्रतिदिन 18 होल खेलने थे। चुनौतीपूर्ण कोर्स और कड़े मुकाबले के बीच हृतिका ने संयम के साथ खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन किया और पोडियम पर जगह बनाई।
खास बात यह रही कि हृतिका ने इसी वर्ष जून में डी कैटेगरी में प्रवेश किया था। कैटेगरी में शामिल होने के कुछ ही महीनों बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
हृतिका की सफलता को उनके नियमित अभ्यास, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, सहपाठियों और परिवारजनों ने हृतिका को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि हृतिका आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर नैनीताल का नाम रोशन करेंगी।







