छात्र महासंघ चुनाव की अधिसूचना जारी, एक अक्टूबर को होगा मतदान… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

34

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्र महासंघ चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से रविवार को चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई। चुनाव अधिकारी डॉ. मनोज कुमार आर्य ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की मौजूदगी में अधिसूचना जारी की। छात्र महासंघ का चुनाव एक अक्टूबर को महिला अध्ययन केंद्र, हरमिटेज भवन में होगा।
चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष (छात्रा), सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष समेत छह पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों से निर्वाचित विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ही चुनाव में मतदाता और प्रत्याशी के रूप में भाग ले सकेंगे।

●लिंगदोह समिति के नियमों का होगा पालन..

चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्य और डीएसडब्ल्यू प्रो. संजय पंत ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया विश्वविद्यालय छात्र संघ संविधान और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप कराई जाएगी। प्रत्याशी को चुनाव लड़ने का केवल एक अवसर मिलेगा। पूर्व में किसी पदाधिकारी पद का चुनाव लड़ चुके विद्यार्थी दोबारा प्रत्याशी नहीं बन सकेंगे। इसके लिए संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य से जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
प्रत्याशियों को 100 रुपये के गैर-न्यायिक स्टांप पेपर पर नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र भी देना होगा। इसके साथ संविधान के परिशिष्ट-2 में निर्धारित घोषणा प्रस्तुत करनी होगी। नामांकन शुल्क और जमानत राशि दोनों 1,200-1,200 रुपये निर्धारित की गई हैं।

●एक ही दिन में पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया..

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार एक अक्टूबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। दोपहर एक से दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि दो से 2:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है।इसके बाद दोपहर तीन से चार बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही शाम चार बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। इस तरह नामांकन से लेकर मतगणना और शपथ ग्रहण तक पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी होगी।
अधिसूचना जारी किए जाने के दौरान प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. गगन होती, डॉ. हृदेश कुमार, नंदाबल्लभ पालीवाल समेत अन्य शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।